Basti News: उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर हुई चर्चा, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

 उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर हुई चर्चा, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बस्ती, 24 जुलाई 2026। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उद्योग एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और उद्यमियों ने भाग लिया। इस दौरान उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



बैठक में विद्युत के जर्जर तार, सड़क, जल निकासी और शहर में जाम सहित अन्य विभागीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्यमियों ने कई प्रकरणों के लंबित होने की जानकारी देते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी उद्यमी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान किया जाए।


मेडिकल वेस्ट के निस्तारण पर सख्ती, नगर पालिका को जुर्माना लगाने के निर्देश


बैठक में उद्यमियों ने शिकायत की कि शहर के अस्पतालों से निकलने वाला मेडिकल वेस्ट निर्धारित स्थान पर डिस्पोज नहीं किया जा रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने ईओ नगरपालिका को संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर यह सुनिश्चित कराने को कहा कि शहर के सभी अस्पताल मेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित स्थान पर ही करें।


मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास जनपद की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। शासन की मंशा के अनुरूप निवेशकों और उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने उद्योगों की स्थापना और संचालन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न करने तथा निर्धारित समय सीमा में प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, एक जनपद एक उत्पाद और वित्त पोषण सहायता योजना की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को विभागीय लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेन्द्र यादव, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार सिंह, एनएचएआई एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, महासचिव हरीश चन्द्र शुक्ला, उद्योग व्यापार मंडल के जगदीश अग्रहरि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और उद्यमी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post