कांवड़ यात्रा को लेकर छावनी पुलिस अलर्ट, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाया सघन चेकिंग अभियान
बस्ती। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर थाना छावनी पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में सघन चेकिंग और औचक तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई 23 जुलाई 2026 को प्रभारी निरीक्षक छावनी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री से संबंधित शिकायतों के आधार पर थाना क्षेत्र के संभावित स्थानों पर पहुंचकर औचक तलाशी ली और दुकानों की सघन जांच की। इस दौरान दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त न हों।
प्रभारी निरीक्षक छावनी ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई दुकानदार या अन्य व्यक्ति मादक पदार्थों की बिक्री अथवा किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही।
