Basti:जमीन पर जबरन बाउंड्री वॉल बनाकर डाल दी छत, पीड़ित ने एसपी से की शिकायत

 जमीन पर जबरन बाउंड्री वॉल बनाकर डाल दी छत, पीड़ित ने एसपी से की शिकायत

बस्ती। डीएम और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मरवटिया निवासी भगवान दास पुत्र रामदीन ने अपनी जमीन पर कथित रूप से जबरन बाउंड्री वॉल बनाकर छत डाल दिए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक बस्ती से भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायत में भगवान दास ने बताया कि उन्होंने मौजा मरवटिया स्थित गाटा संख्या 341/0-0-16 धुर जमीन बैनामे के जरिए बदरी से हासिल की है। आरोप है कि पड़ोसी देवेश कुमार, अखिलेश चौधरी और आशुतोष कुमार पुत्रगण हरीश चौधरी निवासी मरवटिया ने कथित रूप से दबंगई के बल पर उनकी जमीन में करीब 10 धुर हिस्सा बढ़ाकर बाउंड्री वॉल बना ली।

पीड़ित के अनुसार, मामले को लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन, बस्ती के न्यायालय में मुकदमा संख्या 623/26, भगवानदास बनाम आशुतोष कुमार, भी दाखिल किया गया है। इसके बावजूद विपक्षीगण ने विवादित जमीन पर बनाई गई बाउंड्री के ऊपर छत डाल दी है। आरोप है कि उनकी जमीन की ओर दरवाजा और जंगला भी खोल दिया गया है।

भगवान दास का आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षीगण झगड़े पर आमादा हो जाते हैं और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे पीड़ित ने अपनी जान-माल को खतरा बताया है।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने, जमीन पर किए गए कथित अतिक्रमण के संबंध में कार्रवाई कराने तथा उनकी जमीन की ओर खोले गए दरवाजा-जंगला को बंद कराने की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि मामले में पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की गई है।

अब पीड़ित को पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post