Basti:हर्रैया की धरती पर सजी लोक संस्कृति की महफिल, कजरी महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

 हर्रैया की धरती पर सजी लोक संस्कृति की महफिल, कजरी महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

हरैया: विधायक अजय सिंह ने कराया अपनी मजबूत जनपकड़
का एहसास, कजरी के सुरों के बीच दिखी संस्कृति और
सामाजिक समरसता की झलक

हर्रैया (बस्ती)। हर्रैया की धरती पर एक बार फिर लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। अपनी समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान के लिए प्रसिद्ध हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में विगत करीब एक दशक से आयोजित किए जा रहे कजरी महोत्सव ने इस वर्ष भी लोगों का दिल जीत लिया। सेवा सदन, ग्राम लजघटा, अमारी बाजार में आयोजित भव्य कजरी महोत्सव एवं रक्षाबंधन समारोह में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी, माताएं-बहनें, युवा, बुजुर्ग और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब ने आयोजन की भव्यता के साथ ही हर्रैया विधायक अजय सिंह की क्षेत्र में मजबूत जनपकड़ और लोकप्रियता का भी एहसास कराया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच जब पारंपरिक कजरी गीतों की स्वर लहरियां गूंजीं तो पूरा वातावरण लोक संस्कृति के रंग में रंग गया। कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को अपनी मिट्टी, परंपरा और विरासत से जोड़ने का काम किया।

श्रावण मास की पावन बेला और रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस समारोह में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की भी सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में महिलाओं और बहनों की विशेष सहभागिता रही। कजरी के पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हर्रैया विधायक अजय सिंह ने कहा कि कजरी महोत्सव उनके लिए केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर्रैया की मिट्टी, लोक परंपराओं और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का अवसर है। कजरी हमारी लोक-संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दस वर्षों से इस परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है और आने वाले समय में इसे और व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक अजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की लोक-संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षण एवं सम्मान देने का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। हर्रैया में आयोजित होने वाला कजरी महोत्सव भी इसी सांस्कृतिक चेतना और अपनी जड़ों से जुड़ाव का प्रतीक है।

उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले क्षेत्रवासियों, माताओं-बहनों, वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही इस सांस्कृतिक परंपरा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी कजरी महोत्सव को और भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने के साथ-साथ हर्रैया की लोक-संस्कृति और गौरवशाली विरासत को प्रदेश और देश स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।

समारोह के दौरान डॉ. सुनीता सिंह द्वारा कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को शाल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों के सम्मान के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, डीसी एनआरएलएम आशा देवी, डॉ. सुनीता सिंह, ब्रह्माकुमारी प्रतिमा, क्षमा सोनी, ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि परसरामपुर शिरीष पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह, राम प्रगट सिंह, राममणि मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह लक्की, विनोद गुप्ता, लवकुश वर्मा, पंकज मिश्रा प्रधान, अनादि मिश्रा, मनोज सिंह, सुरेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कजरी महोत्सव के दौरान उमड़ी भीड़ और लोगों का उत्साह पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा। आयोजन ने जहां हर्रैया की समृद्ध लोक परंपरा को जीवंत किया, वहीं विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता की भी तस्वीर सामने रखी। कार्यक्रम के समापन तक बड़ी संख्या में लोग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे और लोकगीतों की गूंज से अमारी बाजार का माहौल देर तक गुलजार रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post