बस्ती में हरीश द्विवेदी के प्रथम आगमन पर होगा ऐतिहासिक स्वागत, अरविंद पाल ने कहा—कर्मा देवी पॉइंट पर जुटेगा जनसैलाब
बस्ती:राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के बाद पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के बस्ती प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उनके स्वागत कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 310 विधानसभा के भावी प्रत्याशी अरविंद पाल एवं जिला महामंत्री भाजपा अमृत वर्मा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
अरविंद पाल ने कहा कि हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे बस्ती जनपद के लिए बेहद शानदार और गर्व की खबर है। उन्होंने कहा कि मुझे कर्मा देवी पॉइंट की जिम्मेदारी मिली है, जहां पर मैं हरीश द्विवेदी का ऐतिहासिक स्वागत करूंगा। उन्होंने कहा कि इस स्वागत को यादगार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पूरी तैयारी की जा रही है। स्वागत स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहेगी और पूरे उत्साह के साथ अपने नेता का अभिनंदन किया जाएगा।
जिला महामंत्री भाजपा अमृत वर्मा ने कहा कि हरीश द्विवेदी का राष्ट्रीय महामंत्री बनना संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और लंबे राजनीतिक अनुभव का सम्मान है। यह उपलब्धि केवल हरीश द्विवेदी की नहीं, बल्कि पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव का विषय है। उनके प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा किया जा रहा है और कार्यकर्ताओं में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
