Basti:छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर बांधी राखी, सुरक्षा प्रहरियों के प्रति जताया स्नेह

 छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर बांधी राखी, सुरक्षा प्रहरियों के प्रति जताया स्नेह

बस्ती। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पठान टोला स्थित ललिता शास्त्री मांटेसरी जूनियर स्कूल की छात्राओं ने थाना पुरानी बस्ती पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। छात्राओं ने थाना प्रभारी शशांक राय सहित थाने में तैनात पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।

विद्यालय प्रबंधक राजाराम यादव के नेतृत्व में छात्राएं थाने पहुंचीं और अपने हाथों से तैयार की गई राखियां पुलिसकर्मियों को बांधीं। राखी बंधवाने के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं और पुलिसकर्मियों के बीच हुए इस आत्मीय संवाद से थाना परिसर में भावुक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण नजर आया।

थाना प्रभारी शशांक राय ने छात्राओं के इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं का थाने पहुंचकर राखी बांधना पुलिसकर्मियों के लिए स्नेह, सम्मान और अपनत्व का संदेश है। उन्होंने विद्यालय परिवार एवं छात्राओं का आभार जताया।

विद्यालय प्रबंधक राजाराम यादव ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में समाज की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उनके साथ रक्षाबंधन मनाकर छात्राओं ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को सामाजिक जिम्मेदारी और सम्मान की भावना से जोड़ने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार, संवेदना, सम्मान और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post